उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन का गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने आपदा कंट्रोल रूम से लिया जायजा.

 

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन का गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने आपदा कंट्रोल रूम से लिया जायजा.

 

उत्तरकाशी

जनपद उत्तरकाशी स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम पहुंचकर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रतिकूल मौसम के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी हेतु चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की विस्तृत समीक्षा की।

 

 

जनपद के प्रसिद्ध कालिंदी पास एवं ऑडेन कॉल क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण कुल 136 ट्रैकर्स एवं सपोर्ट स्टाफ प्रभावित हुए थे। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस तथा आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तत्परता से रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई हैं।

 

 

*40 ट्रैकर्स सुरक्षित रेस्क्यू, अभियान जारी*

 

 

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑडेन पास क्षेत्र से 40 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर निकाला जा चुका है। कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे शेष ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए अभियान लगातार जारी है। इनमें से कुछ अनुभवी एक्सपीडिशन टीमों के सदस्यों ने स्वेच्छा से वहीं रुकने का निर्णय लिया है, जबकि शेष ट्रैकर्स को मौसम की अनुकूलता मिलते ही कल प्रातः सुरक्षित निकालने की योजना है।

 

 

*सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक*

 

 

विधायक सुरेश चौहान ने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक ट्रैकर, गाइड और पोर्टर की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार हेली रेस्क्यू, चिकित्सा सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है तथा सभी रेस्क्यू टीमों व अधिकारियों से निरंतर समन्वय बनाया गया है। उन्होंने मां गंगा एवं बाबा काशी विश्वनाथ जी से सभी ट्रैकर्स की सकुशल वापसी की प्रार्थना की।

 

 

*तीर्थयात्रियों एवं श्रद्धालुओं से भी किया संवाद*

 

आपदा प्रबंधन की समीक्षा के उपरांत विधायक ने गंगोत्री धाम दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों से आत्मीय भेंट कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर चर्चा की। श्रद्धालुओं ने प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

 

इस अवसर पर आपदा कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान,देशराज बिष्ट व कन्हैया रमोला सहित आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!