युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा विकसित भारत: खजान दास 

सीएनआई इंटर कॉलेज में ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान के तहत रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित

युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा विकसित भारत: खजान दास

देहरादून

समाज कल्याण मंत्री एवं प्रदेश संयोजक भाजपा उत्तराखंड तथा ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान के संयोजक खजानदास ने सोमवार को सीएनआई इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित सेवा कार्य, भाषण, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।

 

मंत्री खजानदास ने विद्यालय में आयोजित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री खजानदास ने कहा कि ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों के मन में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों को चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत 2047 को लेकर अपने विचार साझा करने का अवसर दिया जा रहा है। साथ ही रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आत्मनिर्भरता, सेमीकंडक्टर निर्माण, रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक हाईवे, मजबूत रेलवे नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसरों के माध्यम से सामाजिक उत्थान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

 

इस अवसर पर सीएनआई इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रीबिका, नगर निगम पार्षद अशोक डोबरियाल, विद्यालय के शिक्षकगण, नैन सिंह पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!