मनेरा स्टेडियम में सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27 का भव्य शुभारंभ, विधायक सुरेश सिंह चौहान ने किया उद्घाटन
उत्तरकाशी
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के मनेरा स्टेडियम, उत्तरकाशी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27 का शुभारंभ विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों गंगोत्री, यमुनोत्री, पुरोला, प्रतापनगर, धनोल्टी, टिहरी एवं घनसाली से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, एकाग्रता एवं टीम भावना के विकास का सशक्त माध्यम है। उत्तराखण्ड के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27 युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को ₹2 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जो खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं एवं प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। खेलो इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से गांवों, पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
साथ ही उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार भी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रदेश में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल आरक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा प्रदान करने की दिशा में की जा रही कार्यवाही प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखण्ड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर, आवश्यक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का गौरव निरंतर बढ़ाते रहें, यही हम सभी का प्रयास है।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा अपने परिवार, क्षेत्र एवं उत्तराखण्ड का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान , भाजपा जिला अध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, राज्य मंत्री प्रताप पंवार , ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
