अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ एवं पीएचसी डुंडा का किया निरीक्षण, BPHU को एक सप्ताह में क्रियाशील करने के निर्देश
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ एवं पीएचसी डुंडा का किया निरीक्षण, BPHU को एक सप्ताह में क्रियाशील करने के निर्देश
उत्तरकाशी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में बुधवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुंडा का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त यूनिट के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति की जा चुकी है। इस संबंध में उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन पंचोला को एक सप्ताह के भीतर BPHU को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष, आकस्मिक कक्ष, टीकाकरण कक्ष, वार्ड, साफ-सफाई व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति, उपस्थिति पंजिका, ओ पी डी रजिस्टर तथा चिकित्सा उपकरणों आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
इसी प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुंडा का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान ओपीडी, आकस्मिक सेवाओं, उपस्थिति पंजिका, ओ पी डी रजिस्टर, टीकाकरण कक्ष, वार्ड, साफ-सफाई, दवाओं एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सहित अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं* उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चिन्यालीसौड़ डॉ. नवीन पंचोला, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डुंडा डॉ. आनन्दपाल सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम हरदेव राणा एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
