कांग्रेस का घोषणा-पत्र जनता की प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं का दस्तावेज होगा – प्रदीप सिंह रावत
उत्तरकाशी/डुंडा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की घोषणा-पत्र समिति के दिशानिर्देशानुसार स्थानीय जनसमस्याओं, आवश्यकताओं और जनभावनाओं को संकलित करने के उद्देश्य से डुंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा डुंडा बाजार में एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम एवं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जन प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपने महत्त्वपूर्ण सुझाव रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का आगामी घोषणा-पत्र केवल पार्टी का चुनावी दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि यह आम जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों का सीधा प्रतिबिंब होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव, किसान, व्यापारी, युवा, महिलाएं, मजदूर और स्थानीय स्वरोजगार से जुड़े हर वर्ग की वास्तविक समस्याओं को घोषणा-पत्र में शीर्ष प्राथमिकता दी जाएगी।
जनसंवाद के दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं जैसे सड़क, रोजगार, स्थानीय व्यापार, पर्यटन, स्वास्थ्य सुविधा, पशुपालन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से सीमांत क्षेत्र में ऊन एवं भेड़ से बने पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने, कुटीर उद्योगों को मजबूती प्रदान करने, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा युवाओं व महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने से जुड़े सुझावों को प्रमुखता से दर्ज किया गया।
जिला अध्यक्ष ने कहा, जनता की आवाज, कांग्रेस का संकल्प की भावना के साथ जनपद के प्रत्येक विकासखंड में जनसंवाद कर जनता के सुझाव संकलित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद प्रकाश, एडवोकेट एवं कीर्तनिधि सजवाण, व्यापारी मेहमान सिंह नेगी, सुरेश नेगी, सीमांत व्यवसायी गुरदयाल सिंह नेगी, डुंडा गांव की उप प्रधान कमलेश मेहता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कनक पाल सिंह परमार, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुधीश पवांर तथा कांग्रेस प्रेस एवं मीडिया प्रभारी रमन कठैत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
