दर्जाधारी श्याम डोभाल, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने किया प्रतिभाग
आमजन को एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की सेवाएं
उत्तरकाशी/डुंडा,
शासन के निर्देशानुसार जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत शनिवार को विकासखण्ड परिसर डुंडा में बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने प्रतिभाग किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर आमजन को विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में 18 शिकायतें दर्ज कराई गई जिनमें से 14 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शिविर में स्कूली छात्र –छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सूचना विभाग में पंजीकृत राम कौशल सांस्कृतिक दल ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जनपद में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के विकासखंडों में कुल 06 बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
*विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को वितरित किए गए सहायता राशि के चेक*
शिविर में एनआरएलएम के अंतर्गत धनेश्वर सहकारिता को रू. 9 लाख, रेणुका स्वयं सहायता समूह को रू. 75 हजार, प्रगति स्वयं सहायता समूह को रू. 75 हजार, थाती माता उत्पादक समूह को रू. 75 हजार, रीप परियोजना के अंतर्गत रेखा देवी, कैलाशी देवी को व्यक्तिगत उद्यम बकरी पालन के रू.30 हजार, रीना को व्यक्तिगत उद्यम बागवानी के लिए रू. 90 हजार, राजकुमारी को व्यक्तिगत उद्यम सब्जी उत्पादन के लिए रू. 30 हजार सहायता राशि के चैक वितरित किए गए। ग्रामोत्थान रीप के तहत पीतांबरी देवी को मशरूम उत्पादन हेतु रू. 90 हजार की सहायता राशि का चेक दिया गया। उद्यान विभाग द्वारा एप्पल मिशन/बागवानी के लिए गणेश प्रसाद और विजय को रू. 6.33 लाख के चेक, सुग्रीव सिंह को रू 1.66 लाख सहायता राशि के चेक वितरित किए। जलागम विभाग द्वारा रेशमा परमार, सीमा देवी, रोशन लाल को रू. 35–35 हजार, मानचम्पुवा निर्बल वर्ग समूह, मां राजराजेश्वरी निर्बल वर्ग समूह, शिव निर्बल वर्ग समूह प्रत्येक को रू. 1.20 लाख के चेक वितरित किए गए। महिला बाल विकास विभाग द्वारा वामिका, अक्षिता, अथर्व, रियांश को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाते हुए 86 लोगो का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क आवश्यक दवाई वितरित की, आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 93 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क आवश्यक दवाई वितरित की गई। स्वास्थ्य परीक्षण में मधुमेह, ब्लड प्रेशर सहित अन्य परीक्षण किए गए। पंचायतीराज विभाग द्वारा 25 परिवार रजिस्टर, 12 परिवार रजिस्टर संशोधन, 09 जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, 05 विवाह प्रमाण पत्र संबंधी सेवाएं प्रदान की। श्रम विभाग द्वारा 50 आवेदन प्राप्त किए, 10 रिन्यूवल तथा 10 बच्चों के नाम एड किए। कृषि विभाग द्वारा 12 कृषि यंत्र बिक्री, 05 पीएम किसान आवेदन, 17 फार्म पंजीकरण, विद्युत विभाग द्वारा 20 नए संयोजन के फॉर्म वितरण व बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया। पशुपालन विभाग द्वारा 28, जलागम प्रबंधन विभाग द्वारा 45, प्रोबेशन विभाग द्वारा 38, उद्योग विभाग द्वारा 15, सैनिक कल्याण द्वारा 07, समाज कल्याण द्वारा 106 लोगो को योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व विभाग द्वारा 20 जाति, 10 आय प्रमाण पत्र, मत्स्य विभाग द्वारा 08 NFDB पंजीकरण सहित योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख अब्बल सिंह, मंडल अध्यक्ष रजनेश चौहान सहित जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सहित जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप पंवार, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा, बीडीओ दिनेश जोशी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
