अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कलोगी में वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नौगांव
वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह 2026 के द्वितीय दिवस के अवसर पर नौगांव रेंज एवं मुगरसंती रेंज के संयुक्त तत्वावधान में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कलोगी में वन्यजीव सुरक्षा गोष्ठी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी (नौगांव रेंज, बर्निगाड़) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण के साथ हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त, छात्रों को सर्पदंश से बचाव एवं जागरूकता को लेकर एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने वन्यजीवों के पारिस्थितिक महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से छात्रों को ‘Living with Leopard’ (गुलदार कु दगड़िया) डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इस दौरान वनकर्मियों ने एनिमल कॉस्ट्यूम पहनकर बच्चों को वन्यजीवों (जैसे गुलदार और भालू) से आमना-सामना होने की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के तरीके समझाए। उन्होंने बताया कि ऐसी विषम परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रतिज्ञा ली। इस दौरान विद्यालय परिवार तथा वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
