बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिसोदिया ने किया कार्यभार ग्रहण, 05 अक्टूबर से रोस्टरवार सर्जन एवं बाल रोग विशेषज्ञ भी देंगे सेवाएं

 

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिसोदिया ने किया कार्यभार ग्रहण, 05 अक्टूबर से रोस्टरवार सर्जन एवं बाल रोग विशेषज्ञ भी देंगे सेवाएं

उत्तरकाशी

 

सीमांत जनपद उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय द्वारा महानिदेशालय स्तर पर निरंतर पत्राचार, संवाद एवं समन्वय के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिली है।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिसोदिया द्वारा कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है। इससे जिला चिकित्सालय में आने वाले बच्चों को अब बाल रोग विशेषज्ञ की सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

 

 

उन्होंने बताया कि जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के संबंध में राज्य स्तर पर लगातार संवाद एवं समन्वय किया जा रहा था। इसी क्रम में महानिदेशालय स्तर से रोस्टरवार एक सर्जन एवं एक बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सोमवार 05 अक्टूबर से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में रोस्टरवार अपनी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सीमांत जनपद के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण राहत है। इससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार के लिए अनावश्यक रूप से जनपद से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें जिला चिकित्सालय स्तर पर ही आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से जिला चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि सीमांत जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए महानिदेशालय एवं राज्य स्तर पर निरंतर समन्वय किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!