दिनेश आर्या ने दाखिल किया राज्यसभा के लिए नामांकन, सीएम धामी समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

दिनेश आर्या ने दाखिल किया राज्यसभा के लिए नामांकन, सीएम धामी समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश आर्या ने उत्तराखंड से राज्यसभा सीट के लिए देहरादून विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

दिनेश आर्या नैनीताल जिले से ताल्लुक रखते हैं और अनुसूचित समाज से आते हैं। वह भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिनेश आर्या ने विधिवत राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले और लंबे समय से संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिनेश आर्या ने संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में सकारात्मक संदेश गया है कि संगठन में मेहनत और समर्पण के आधार पर सामान्य कार्यकर्ता भी बड़े दायित्व तक पहुंच सकता है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!