गंगोत्री के विकास के लिए मुख्यमंत्री धामी का बड़ा भरोसा, उत्तरकाशी में स्वास्थ्य, पर्यटन और शिक्षा से जुड़ी कई घोषणाएं 

गंगोत्री के विकास के लिए मुख्यमंत्री धामी का बड़ा भरोसा, उत्तरकाशी में स्वास्थ्य, पर्यटन और शिक्षा से जुड़ी कई घोषणाएं 

​काशी विश्वनाथ-मां शक्ति कॉरिडोर का प्रस्ताव, पर्यटन बुग्यालों का विकास और जिला अस्पताल का नामकरण स्व. गोपाल रावत के नाम करने का ऐलान 

उत्तरकाशी ​
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद उत्तरकाशी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।

ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास योजनाओं से संबंधित एक विशेष मांगपत्र सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​धार्मिक और पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा
गंगोत्री विधायक द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में धार्मिक पर्यटन को गति देने के लिए ‘श्री काशी विश्वनाथ मां शक्ति विकास कॉरिडोर’ के निर्माण की प्रमुख मांग रखी गई।

इसके अलावा, स्थानीय युवाओं के स्वरोजगार और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डोडिताल, अवाना बुग्याल, गिडारा बुग्याल, जौराई बुग्याल, कुश कल्याण, हरि महाराज सौड़ बुग्याल, सहस्त्रताल, खेड़ा ताल और बर्मी ताल जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने का भरोसा दिया गया।

​स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं में सुधार की घोषणाएं
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिला अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही, इसका नामकरण दिवंगत पूर्व विधायक स्व. गोपाल सिंह रावत के नाम पर करने की घोषणा की। वहीं, गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग पर परीक्षण करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​भटवाड़ी विकासखंड में वर्षों पुरानी केंद्रीय विद्यालय की मांग पर बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इसका प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जा चुका है। सरकार केंद्र स्तर पर प्रभावी पैरवी कर जल्द से जल्द विद्यालय की स्वीकृति हासिल करने का प्रयास करेगी।

​विधायक सुरेश चौहान ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उत्तरकाशी आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तरकाशी सहित पूरे गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!