गाजणा क्षेत्र की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धौन्तरी में सांस्कृतिक मेला संपन्न, विधायक ने दिया राज्य स्तर पर ले जाने का भरोसा
उत्तरकाशी
पीएम कमला राम नौटियाल राजकीय इंटर कॉलेज धौन्तरी के प्रांगण में जलकुर घाटी सांस्कृतिक एवं पर्यटन मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
स्वर्गीय कलीराम नौटियाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य गाजणा क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक रहन-सहन और पर्यटन क्षेत्रों को विकसित करना तथा जन-जागरूकता के माध्यम से क्षेत्र की प्रगति को आगे बढ़ाना है। विधायक सुरेश चौहान ने फाउंडेशन के इन प्रयासों की सराहना करते हुए इस सांस्कृतिक मेले को भविष्य में प्रदेश स्तर तक आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मेले के दौरान क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। महिला मंगल दलों की टीमों ने पारंपरिक ‘रासू नृत्य’ की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं स्कूली बच्चों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, गाजणा मंडल अध्यक्ष राजीव नौटियाल, जिला पर्यटन अधिकारी खुशहाल नेगी, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत, संयोजक प्रजापति नौटियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुम्मी राणा, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि अव्वल सिंह राणा, मंडल महामंत्री यशवीर पयाल, कोटियाल गांव के ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह पंवार, पूर्व जिला नियोजन समिति सदस्य मेघ सिंह राणा, भाजपा जिला आईटी सेल संयोजक दीपक नौटियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीरी फूल सिंह रावत, प्रकाश थपलियाल और रघुवीर दास सहित क्षेत्र के तमाम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


