उत्तरकाशी में 10 साल पुरानी कूड़ा समस्या का होगा स्थायी समाधान, पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने लिया निर्माणाधीन प्लांट का जायजा 

उत्तरकाशी में 10 साल पुरानी कूड़ा समस्या का होगा स्थायी समाधान, पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने लिया निर्माणाधीन प्लांट का जायजा 

उत्तरकाशी
​
​नगर पालिका बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) की ओर से शहर के कूड़ा निस्तारण की सालों पुरानी विकराल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। तिलोथ पावर हाउस के समीप लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।

​नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने निर्माणाधीन केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक मशीनों की स्थापना समेत केंद्र का पूरा निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण कर इसका संचालन शुरू कर दिया जाए।

​ प्रतिदिन 25 टन कूड़ा निस्तारण की होगी क्षमता

​पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने बताया कि इस नए प्लांट की क्षमता 25 टन प्रतिदिन होगी। वर्तमान में नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 18 से 20 टन कूड़ा एकत्रित होता है। नया प्लांट चालू होने के बाद न केवल वर्तमान कूड़े का निस्तारण आसानी से हो सकेगा, बल्कि भविष्य की जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।

​10 साल से तांबाखानी में डंप हो रहा था कचरा 

​उचित व्यवस्था न होने के कारण पिछले करीब 10 वर्षों से नगर का सारा कूड़ा तांबाखानी में एकत्र किया जा रहा था। इससे आम जनता को भारी दुर्गंध व असुविधा का सामना तो करना ही पड़ रहा था, साथ ही पवित्र गंगा नदी के भी दूषित होने का खतरा लगातार बना हुआ था।
​हाल ही में तांबाखानी सुरंग BRO को हैंडओवर होने के बाद, बीआरओ की ओर से पालिका को सुरंग के बाहर सड़क से कूड़ा हटाने के लिए पत्र भेजा गया था। इसके बाद शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही नगर पालिका ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नए कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण शुरू कराया।

​ नगरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत 

​पालिका अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि दिसंबर तक प्लांट के शुरू हो जाने से वर्षों से चली आ रही कूड़े की समस्या का हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा। इससे जहां एक ओर शहरवासियों को दुर्गंध और गंदगी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर गंगा स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!