‎जिलाधिकारी ने राजकीय अभिलेखागार का किया औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर-स्कैनर लगाने के निर्देश

‎जिलाधिकारी ने राजकीय अभिलेखागार का किया औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर-स्कैनर लगाने के निर्देश
‎
‎लापरवाही पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक, अभिलेखों की प्रतिलिपि के लिए निर्धारित दर सूची लगाने के निर्देश
‎
टिहरी- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने राजकीय अभिलेखागार का औचक निरीक्षण कर कार्यालय में रखी विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम में नक्शे और अन्य अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने आए ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
‎
‎ग्रामीणों ने बताया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने के लिए उन्हें बाहर निजी प्रिंटिंग प्रेस में जाना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर, स्कैनर की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल उपकरण लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि लोगों को कार्यालय में ही अभिलेखों की स्कैन और प्रिंट की हुई प्रतिलिपि मिल सके।
‎
‎जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड रूम के बाहर अभिलेखों की स्कैनिंग और प्रिंटिंग के लिए निर्धारित शुल्क की दर सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि अभिलेखों की फोटोकॉपी के लिए लोगों को निजी प्रिंटिंग प्रेस जाना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित निजी प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण किया। वहां फोटोकॉपी की दर सूची चस्पा न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल दर सूची लगाने और प्रत्येक प्रकार की फोटोकॉपी का शुल्क स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
‎
‎जिलाधिकारी ने पूर्व में रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान भी प्रिंटर और स्कैनर लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस पर कार्रवाई न होने और निर्देशों की अनदेखी पर उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें निर्धारित शुल्क पर कार्यालय में ही सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
‎
‎निरीक्षण के दौरान वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. पुंडीर और नाजिर खेम चंद्र कुमाई उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!