बर्नीगाड़ में शिक्षा और विकास का नया अध्याय: सीएम धामी ने राजकीय महाविद्यालय का किया उद्घाटन
₹215 करोड़ की योजनाओं का तोहफा
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी जिले के बर्नीगाड़ क्षेत्र में विकास और उच्च शिक्षा की नई सुबह हुई है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित ‘सेवा सेतु’ जिलावार शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भव्य उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात दी।


₹215 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लगभग ₹215 करोड़ की लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास को गति देंगी, पर्यटन को बढ़ावा देंगी और स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी सरकार का ध्येय केवल आदेश जारी करना नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है।

स्टॉलों का निरीक्षण और लाभार्थियों को सहायता
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए।
क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं,
राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़: भूमि उपलब्ध हो चुकी है, स्थायी भवन व कैंपस का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
खेल सुविधाएं: राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
सड़क एवं पुल: बर्नीगाड़ थाला चौक से जीआईसी बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क का कार्य जल्द पूरा करना।
कॉलेजों का उच्चीकरण: राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला एवं चिन्यालीसौड़ का उच्चीकरण किया जाएगा।

प्रदेश की उपलब्धियों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में हो रहे विकास कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना से प्रदेश की 3.10 लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। साथ ही 30% महिला क्षैतिज आरक्षण, सख्त नकल विरोधी कानून (जिससे 35,000+ युवाओं को पारदर्शी नौकरी मिली), सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से उत्तराखंड सशक्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ और विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


