भंकोली जिला पंचायत सदस्य ने दो विद्यालयों को सौंपे कंप्यूटर व फर्नीचर, बच्चों को दी तकनीकी शिक्षा की सौगात
भंकोली जिला पंचायत सदस्य ने दो विद्यालयों को सौंपे कंप्यूटर व फर्नीचर, बच्चों को दी तकनीकी शिक्षा की सौगात
उत्तरकाशी:जिला पंचायत वार्ड भंकोली के अंतर्गत आने वाले दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों में बच्चों की बेहतर शिक्षा और तकनीकी विकास के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। क्षेत्र की लोकप्रिय जिला पंचायत सदस्य प्रियंका थपलियाल के माध्यम से पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) कलोगी और सरस्वती शिशु मंदिर थौलधार में दो-दो कंप्यूटर और आवश्यक फर्नीचर प्रदान किए गए हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रियंका थपलियाल ने कहा कि वर्तमान युग डिजिटल और तकनीकी शिक्षा का है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों की तरह आधुनिक संसाधन मिलने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य को संवारने का यह प्रयास पूरी तरह से उनके व्यक्तिगत स्तर पर किया गया है। इन कंप्यूटरों और फर्नीचर की व्यवस्था उन्होंने अपने स्वयं के संसाधनों से की है, जिसमें किसी भी प्रकार की सरकारी योजना या सरकारी धन का उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने इसे अपनी ओर से स्कूली बच्चों के लिए एक सप्रेम भेंट बताया।श्रीमती थपलियाल ने आगे कहा, “हमारा निरंतर प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा भी अनिवार्य रूप से दी जाए। इस दिशा में स्कूलों में संसाधनों की जो भी कमी है, उसे पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।”संसाधन मिलने पर विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य का आभार व्यक्त किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के अवसर पर पीएम श्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी कलोगी के प्रधानाचार्य सुशील चंद्रा, कविता राणा, अरविंद कंडियाल, एसएमसी (SMC) अध्यक्ष रामचंद्र थपलियाल, राजवीर रावत, सुमन प्रसाद थपलियाल, पमित और केदारदत्त थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
