जिलाधिकारी ने मौसम की स्थिति और शीतकालीन यात्रा तैयारियों की दी जानकारी
उत्तरकाशी- जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हालिया मौसम परिस्थितियों और आगामी शीतकालीन यात्रा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों में मौसम के बिगड़े मिजाज, डिप्रेशन, बर्फबारी और बारिश के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से कल शाम रोक दिया गया था।हालांकि सुबह बीआरओ द्वारा मार्ग की मरम्मत और दुरुस्ती के बाद यातायात और यात्रा को पुनः सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने आगामी शीतकालीन यात्रा की तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशासन और सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। चारों धामों के लिए शीतकालीन यात्रा की व्यवस्थाओं, आवश्यक सुविधाओं और आने वाली चुनौतियों की समीक्षा के लिए कमिश्नर स्तर पर सीधे निगरानी की जा रही है।
इस वर्ष की यात्रा की सफलता पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। इस सफल संचालन में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, सड़क निर्माण एजेंसियों और मीडिया का विशेष सहयोग रहा है। मीडिया द्वारा की गई सकारात्मक कवरेज से देशभर के श्रद्धालुओं में सुरक्षा का विश्वास बना और लोग बिना किसी झिझक के यात्रा पर आए।
इससे न केवल स्थानीय संस्कृति और धार्मिक विचारधारा को बल मिला है, बल्कि स्थानीय बाजार, होमस्टे और पर्यटन व्यवसाय को भी बड़ा बढ़ावा मिला है।


