29वीं इंटर स्कूल ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 1 नवंबर को
देहरादून। उत्तराखंड में रोलर स्केटिंग खेल को बढ़ावा देने एवं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 29वीं इंटर स्कूल ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 के अंतर्गत स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन आगामी 1 नवंबर 2026 को स्केटिंग रिंक, परेड ग्राउंड, देहरादून में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड रोलर स्पोर्ट्स अकादमी (URSA) द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों एवं अकादमियों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के लिए स्पीड स्केटिंग रेस एवं मैराथन ऑन स्केट्स आयोजित की जाएंगी। स्पीड स्केटिंग की रेस सुबह 8:00 बजे से अंडर-5 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के साथ प्रारंभ होंगी तथा इसके बाद अन्य आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मैराथन ऑन स्केट्स का आयोजन दो श्रेणियों में किया जाएगा। पहली मैराथन 8 से 12 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दोपहर 12:00 बजे से होगी, जबकि दूसरी मैराथन 13 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए पहली मैराथन के बाद आयोजित की जाएगी।
सभी प्रतिभागियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 7:30 बजे निर्धारित किया गया है। खिलाड़ियों को अपनी स्कूल स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म अथवा उपयुक्त स्पोर्ट्स ड्रेस में उपस्थित होना होगा।
आयोजकों ने अधिक से अधिक विद्यालयों एवं खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने और इस खेल आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास करना है।


