उत्तरकाशी में मौसम की मार: केदारताल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, तपोवन में फंसे महाराष्ट्र की महिला ट्रेकर समेत 4 लोग सुरक्षित पहुँचे भुजबासा
उत्तरकाशी
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम और बर्फबारी के कारण ट्रेकिंग अभियानों पर गए कई दल संकट में फंस गए हैं। एक तरफ जहां उत्तरकाशी प्रशासन केदारताल क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स को निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर तपोवन क्षेत्र में फंसे 4 सदस्यीय दल के सकुशल भुजबासा पहुंचने की राहत भरी खबर आई है।
केदारताल में 8 ट्रेकर्स की तलाश जारी
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे केदारताल रेस्क्यू अभियान के तहत राहत टीमों को बड़ी सफलता मिली है। अब तक 4 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हालांकि, क्षेत्र में अभी भी 8 अन्य ट्रेकर्स फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के बावजूद बचाव दल हर संभव कोशिश में जुटे हैं।
तपोवन में फंसा था 4 सदस्यीय दल
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर को उत्तरकाशी स्थित ट्रेकिंग एजेंसी स्नो स्पाइडर ट्रेक एंड टूर के माध्यम से महाराष्ट्र की एक महिला ट्रेकर (गोतमी) का दल तपोवन ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। महिला ट्रेकर को प्री-शिवलिंग ट्रेकिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इस दल में गाइड विष्णु सेमवाल, महिला ट्रेकर और कुक समेत कुल 4 लोग शामिल थे।यह दल 26 अक्टूबर को गंगोत्री से तपोवन के लिए निकला था, लेकिन पहाड़ियों पर अचानक मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी के कारण यह दल तपोवन में ही फंस गया।
एजेंसी ने खुद भेजी 6 सदस्यीय खोजबीन टीम
दल से संपर्क टूटने और मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्नो स्पाइडर ट्रेक एंड टूर एजेंसी ने तत्परता दिखाई। एजेंसी द्वारा स्वयं अपने स्तर पर 6 सदस्यीय एक खोजबीन टीम का गठन कर तपोवन की ओर भेजा गया। इस रेस्क्यू टीम की कमान मुख्य लीडर मनीष सेमवाल के हाथों में है.
भुजबासा पहुंचे सभी ट्रेकर, कल गंगोत्री लौटने की संभावना
मनीष सेमवाल के नेतृत्व में गई रेस्क्यू टीम ने समय रहते तपोवन में फंसे दल से संपर्क साधा और उन्हें सुरक्षित नीचे ले आई। ताजा जानकारी के मुताबिक, तपोवन में फंसा यह दल आज पूरी तरह सुरक्षित भुजबासा पहुंच चुका है। यदि मौसम ने साथ दिया तो यह दल कल (मंगलवार) तक सकुशल गंगोत्री धाम वापस लौट आएगा.


