दीपावली पर नैनबाग बाजार में दिखी रौनक
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- दीपावली पर्व को लेकर नैनबाग बाजार में इस बार उत्साह देखने को मिला। त्यौहार की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग नैनबाग पहुंचे, जिससे बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। कपड़े, मिठाई, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।
दीपावली के अवसर पर बाजार में सजी दुकानों और रंग-बिरंगी रोशनी ने पूरे नैनबाग बाजार की रौनक बढ़ा दी।
व्यापारी जितेंद्र नेगी ने बताया कि दीपावली के मौके पर बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ने से छोटे और स्थानीय व्यापारियों को काफी सहारा मिलता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर यहां के व्यापार को मजबूत करने में सहयोग करें।
व्यापारियों का कहना है कि दीपावली जैसे पर्व स्थानीय बाजारों के लिए नई उम्मीद लेकर आते हैं। नैनबाग क्षेत्र के ग्रामीणों की खरीदारी से न केवल बाजार गुलजार होता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
दीपावली की रोशनी के बीच नैनबाग बाजार में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश भी दिया कि स्थानीय बाजारों की रौनक और व्यापार की मजबूती क्षेत्र के विकास से सीधे जुड़ी हुई है।


