विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट आज दोपहर 12:05 मिनट पर होंगे बंद
उत्तरकाशी,
– विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट आज मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में ठीक दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए छह माह तक बंद कर दिए जाएंगे। मां गंगा की उत्सव डोली आज करीब 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करेगी। पहले दिन भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 11 नवंबर को डोली मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना होगी। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया एवं तैयारियां आज मंगलवार प्रातःकाल से ही विधि-विधान के साथ शुरू कर दी गई हैं।
निर्धारित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के बीच मां गंगा के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन श्री गंगोत्री धाम की यात्रा का समापन हो जाएगा और शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा स्थित गंगा मंदिर में कर सकेंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष श्री गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन के लिए देश-विदेश से दस लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। साथ ही समस्त जीव-जंतुओं और प्राणियों के कल्याण एवं विश्व शांति की प्रार्थना की।
यात्रा के दौरान गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या ने धार्मिक पर्यटन के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए प्रस्थान करेगी। आगामी छह माह तक मुखबा में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन का क्रम जारी रहेगा। शीतकालीन प्रवास के दौरान भी श्रद्धालु मुखबा पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इस प्रकार श्री गंगोत्री धाम में यात्रा का एक और सफल एवं श्रद्धापूर्ण अध्याय संपन्न होगा।


