गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा रवाना

गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा रवाना

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के अवसर पर आज दोपहर 12:05 बजे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई।

आज रात्रि मां गंगा की उत्सव डोली का विश्राम मारकंडे देवी मंदिर में होगा। इसके बाद कल भैया दूज के पावन अवसर पर डोली मुखबा पहुंचेगी। मां गंगा के स्वागत के लिए मुखबा गांव में ग्रामीणों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखबा स्थित शीतकालीन मंदिर में मां गंगा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस वर्ष गंगोत्री धाम में कपाट खुलने से लेकर अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने सफल यात्रा संचालन के लिए जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस प्रशासन और यात्रा व्यवस्था में जुटे सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष यात्रा सफल रही और रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम के दर्शन किए।

उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से शीतकालीन यात्रा के दौरान मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा पहुंचकर दर्शन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!