डामटा में यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री खजान दास
रासो नृत्य में हुए शामिल, युवाओं से जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान
रोबिन वर्मा
डामटा (उत्तरकाशी) : कैबिनेट मंत्री समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग, उत्तराखंड सरकार खजान दास ने मंगलवार को डामटा स्थित सूरत स्टेडियम, डामटा-कांडी में आयोजित यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में प्रतिभाग किया।


समारोह में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और रवांई-जौनसार-जौनपुर क्षेत्र के पारंपरिक रासो नृत्य में भी प्रतिभाग कर ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर मंत्री खजान दास ने कहा कि यमुनाघाटी के लोगों ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की सराहनीय पहल की है। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ आगे बढ़ें, लेकिन अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को कभी न भूलें।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए निरंतर काम कर रही है। सरकार ने पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है, जबकि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए भी लगातार प्रयासरत है।
समारोह के दौरान समिति की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर मांगपत्र भी सौंपा गया। मंत्री ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया और समारोह के आयोजन को प्रोत्साहित करने के लिए अपने वेतन से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
समारोह में कबड्डी (ओपन एवं ग्राम स्तर), वॉलीबॉल, महिला कबड्डी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें क्षेत्र के खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस अवसर पर नारायण सिंह चौहान, पूरण सिंह चौहान, चमन सिंह चौहान, बचनदास, कुशलानंद नौटियाल, अनिल चौहान, दयाराम थपलियाल,बचन सिंह चौहान, मनमोहन सिंह नेगी, दिनेश नौटियाल, खजान पंवार, अर्जुन पंवार, त्रेपन सिंह रावत, चतर सिंह चौहान, बलबीर चौहान, मुकेश राणा, दिनेश पंवार, सचिन चौहान, किशन रावत, अमीन चौहान, मुकेश पंवार, पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


