राज्य स्थापना दिवस पर मिनी सरस आजीविका मेले का शुभारंभ, डुंडा बनी अंडर-20 कबड्डी चैंपियन

 

 

राज्य स्थापना दिवस पर मिनी सरस आजीविका मेले का शुभारंभ, डुंडा बनी अंडर-20 कबड्डी चैंपियन

 

13 नवंबर तक रामलीला मैदान में सजेगा स्थानीय उत्पादों, लोक संस्कृति और महिला उद्यमिता का मंच

उत्तरकाशी(रोबिन वर्मा)

प्रदेश के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मंगलवार को जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला 13 नवंबर तक चलेगा।

 

मेले का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाना, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य उपस्थित रहे।

 

मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में गढ़भोज का विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा।

 

कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ऋषिराम शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं तथा भटवाड़ी और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों एवं लोकनृत्यों के माध्यम से जनपद की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। इस दौरान स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

 

*जिलाधिकारी ने किया स्टॉलों का निरीक्षण*

 

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मेले में लगे विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं एवं स्थानीय उत्पादकों से बातचीत कर उनके उत्पादों, उत्पादन प्रक्रिया और विपणन की जानकारी ली।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मिनी सरस जैसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ ही उन्हें बाजार उपलब्ध कराने का बेहतर अवसर देते हैं। स्थानीय उत्पादों की पहचान और मांग बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

*लखपति दीदियां हुईं सम्मानित*

 

कार्यक्रम में लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा करते हुए बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों को मिल रहे आर्थिक सहयोग, प्रशिक्षण और विभागीय मार्गदर्शन से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर आज वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

 

*अंडर-20 कबड्डी में डुंडा की टीम बनी विजेता*

 

26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित अंडर-20 बालक वर्ग की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ।

 

प्रतियोगिता के दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में फोल्ड धनारी ने जय नागराजा क्लब चिन्यालीसौड़ को 13-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में डुंडा ने गंगोत्री क्लब को रोमांचक मुकाबले में 19-18 से एक अंक के अंतर से हराया।

 

फाइनल मुकाबले में डुंडा और फोल्ड धनारी के बीच शानदार खेल देखने को मिला। डुंडा की टीम ने 34-26 से मुकाबला अपने नाम करते हुए प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

 

प्रतियोगिता में जनपद की कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

इस अवसर पर डीडीओ वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, सीएचओ रजनीश कुमार, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, डीपीआरओ प्रताप चौहान, एडी मत्स्य नीतीश कुमार, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, डीटीई एनआरएलएम प्रमेन्द्र राणा, सुधीर जोशी सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!