थाना थत्यूड़ पहुंचीं SSP श्वेता चौबे, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नवीन थाना भवन के लिए प्रस्तावित भूमि का भी किया स्थलीय निरीक्षण
नैनबाग (शिवांश कुंवर): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने थाना थत्यूड़ का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं विभिन्न अभिलेखों का जायजा लिया। SSP के अचानक निरीक्षण से थाना परिसर में व्यवस्थाएं भी सक्रिय नजर आईं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों पर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान SSP श्वेता चौबे ने थाना थत्यूड़ के नवीन प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित स्थल से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए भवन निर्माण को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
SSP ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान टिहरी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


