स्वरोजगार की राह पर पहाड़ की महिलाएं, मिनी सरस मेले में दिखा हुनर और उद्यमिता का संगम
उत्तरकाशी
एंकर – उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर उत्तरकाशी के मिनी सरस आजीविका मेले में देखने को मिल रहा है। राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय मेले में ग्रामीण महिलाओं का हुनर, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाएं अपने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही हैं।
मेले में डुंडा विकासखंड के महिला स्वयं सहायता समूहों का गढ़भोज स्टॉल विशेष आकर्षण बना हुआ है। यहां महिलाएं पहाड़ के पारंपरिक व्यंजन तैयार कर लोगों को स्थानीय खानपान के स्वाद से रूबरू करा रही हैं। समूह की महिलाएं प्रतिदिन करीब 10 से 15 हजार रुपये तक की पकोड़ी, रोटाना और अन्य पारंपरिक खाद्य सामग्री की बिक्री कर रही हैं। इससे न केवल उनकी आमदनी बढ़ रही है, बल्कि पहाड़ की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है।


