उत्तरकाशी में मिनी सरस आजीविका मेले का समापन, महिलाओं ने बेचे 4.50 लाख से अधिक के उत्पाद
उत्तरकाशी
जनपद मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित चार दिवसीय मिनी सरस आजीविका मेला-2026 का गुरुवार को गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, औषधि पादप बोर्ड के राज्यमंत्री प्रताप पंवार, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में विकासखंड मोरी की महिलाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गंगा-यमुना एफपीओ की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ व स्थानीय बीज-भूषा पर आधारित फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा। फैशन शो में प्रथम तीन स्थान प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मेले में स्वयं सहायता समूहों व क्लस्टर लेवल फेडरेशन की महिलाओं ने 4.50 लाख रुपये से अधिक के स्थानीय व पारंपरिक उत्पादों का विपणन कर अपनी उद्यमशीलता का परिचय दिया।
उत्कृष्ट विपणन के लिए गंगोत्री सीएलएफ झाला को प्रथम, प्रगति सीएलएफ डुण्डा को द्वितीय तथा रामासेराई सीएलएफ गुंदियाटगांव, पुरोला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तीनों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी विकासखंडों के सीएलएफ व विभिन्न विभागों को भी उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।


