मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘पर्वत से सागर तक : भगत सिंह कोश्यारी’ पुस्तक का विमोचन
देहरादून– दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद सभागार में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं पद्मभूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित पुस्तक ‘पर्वत से सागर तक : भगत सिंह कोश्यारी’ का विमोचन किया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में निवासरत प्रवासी उत्तराखंडियों ने प्रतिभाग किया।
डॉ. हरीश चंद्र अंडोला द्वारा लिखित इस पुस्तक का प्रकाशन कुनाल बुक्स के प्रेम सिंह बिष्ट ने किया है। पुस्तक में भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक योगदान और बहुआयामी व्यक्तित्व को प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगत सिंह कोश्यारी का भव्य अभिनंदन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान रसायन विज्ञान विषय की तीन अन्य पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। इनमें ‘फिजिकल एंड एनालिटिकल केमिस्ट्री’, ‘केमिस्ट्री ऑफ एनवायरनमेंट’ तथा ‘केमिकल एनालिसिस-2’ शामिल हैं। इन पुस्तकों का लेखन डॉ. हरीश चंद्र अंडोला, डॉ. सुरेश चंद्र अंडोला, डॉ. रीना पुरोहित एवं डॉ. विपिन चंद्र जोशी ने किया है।
सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, गीतकार प्रसून जोशी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, डीन प्रो. हरीश चंद्र पुरोहित, श्री प्रशांत मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लेखक डॉ. हरीश चंद्र अंडोला ने उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, प्रो. एम.एस.एम. रावत, प्रो. के.डी. पुरोहित, उच्च शिक्षा के प्रभारी निदेशक डॉ. आनंद सिंह उनियाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, कैलाश अंडोला तथा दून विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुस्तक के प्रकाशक प्रेम सिंह बिष्ट एवं कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद किया।
सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखंडियों की भागीदारी और साहित्यिक एवं शैक्षणिक पुस्तकों के विमोचन ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।


