समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने अधोईवाला में 3.35 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
देहरादून- समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्वीकृत विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने की।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजान दास कर्मठ एवं जनप्रिय नेता हैं। वे प्रदेश की समस्याओं के समाधान और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज क्षेत्र में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच के अनुरूप अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास और 44.93 लाख रुपये की लागत से तैयार क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया है। इसके अलावा आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चारदीवारी निर्माण, 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास की मरम्मत एवं साज-सज्जा सहित नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि पेंशन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ लगातार उठाते रहे हैं। विधायक की सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति समर्पण के चलते आज क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री खजान दास ने छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सुथरे बिस्तरों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, समाज कल्याण विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य गोपाल पुरी, पार्षद त्रिलोक वर्गली, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रकाश, पूनम शर्मा, राहुल लारा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


