जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, बाल दिवस पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का लिया संकल्प
उत्तरकाशी
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बाल दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह को याद किया।
कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और आधुनिक भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा। बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस हमें बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे तथा पंडित नेहरू के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों पर चलने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा बच्चों के अधिकारों एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष नैन सिंह बिष्ट, विजय सेमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष भटवाड़ी मनोज पंवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डुंडा कनक पाल सिंह परमार, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष कमल सिंह रावत, सुधीर पंवार, भगवान चंद्र, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बीना, मधु रावत, सूर्यबल्लभ नौटियाल, विक्रम सिंह रावत, राजीव गांधी पंचायत संगठन के प्रदेश महासचिव संजीव नौटियाल तथा मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जीतम सिंह रावत सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


