नौगांव के प्रथम भाटिया गांव में महिला सशक्तिकरण की पहल, स्वयं सहायता समूह को सिलाई मशीन और कच्चा माल वितरित
नौगांव – महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंद्रा सूर्या ट्रस्ट ने उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र के प्रथम भाटिया गांव में एक पहल की है। ट्रस्ट की ओर से नवगठित स्वयं सहायता समूह इंद्रा सूर्या नारी शक्ति समूह की महिलाओं को नॉन-वूवन फैब्रिक सिलाई मशीन, आवश्यक कच्चा माल और अन्य सहायक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में इंद्रा सूर्या ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल अनिल थापा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि डामटा अर्जुन नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संदीप, पवन दास, समाजसेवी खुशाल डिमरी और जय प्रकाश सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल अनिल थापा ने कहा कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, संसाधन और उचित अवसर उपलब्ध कराना उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सिलाई मशीन और उपलब्ध कराई गई सामग्री के माध्यम से समूह की महिलाएं अपने हुनर को निखार सकेंगी और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर स्वरोजगार शुरू कर पाएंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी आजीविका का स्थायी साधन विकसित करेंगी। साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और ग्रामीणों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए समूह की सभी महिलाओं को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
ट्रस्ट की इस पहल से गांव की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में अवसर उपलब्ध होगा। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में भी योगदान दे सकेंगी।


