गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की अगुवाई में छात्रों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा थाम भरा राष्ट्रप्रेमी का संदेश
उत्तरकाशी में देशभक्ति के रंग में रंगा नगर: भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की अगुवाई में छात्रों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा थाम भरा राष्ट्रप्रेमी का संदेश
उत्तरकाशी- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। नगर क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों के स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों द्वारा एक विशाल एवं भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों के साथ निकली इस यात्रा से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर हो गया।
इस भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश चौहान ने किया। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों और बाज़ारों से होती हुई गुजरी, जहाँ स्थानीय व्यापारियों और आम जनता ने फूल बरसाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा. जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सम्मानित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से यह भव्य और दिव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस के मन में देश के प्रति समर्पण, प्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
विधायक ने कहा जब-जब हमारा राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ हवा में लहराता है, तब-तब प्रत्येक भारतवासी के हृदय में राष्ट्र के प्रति गर्व और सम्मान की भावना जागृत होती है। यह तिरंगा हमें हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है। आइए, हम सब मिलकर अपने देश के विकास और उन्नति के लिए अपने-अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लें। मैं इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और जनपदवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ देता हूँ।
विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अनुशासित पंक्ति में खड़े होकर तिरंगा लहराया।यात्रा जिला मुख्यालय के प्रमुख बाज़ारों और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी।पूरे उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में डीजे, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के साथ अभूतपूर्व उत्साह का माहौल बना रहा।
