उत्तरकाशी: घट्टू गाड़ में आया मलबे का सैलाब, भागीरथी उफान पर
उत्तरकाशी: घट्टू गाड़ में आया मलबे का सैलाब, भागीरथी उफान पर
उत्तरकाशी- बीती रात भुक्की गाँव के निकट स्थित घट्टू गाड़’ में संदिग्ध रूप से बादल फटने के कारण क्षेत्र में भारी तबाही देखने को मिली है। पहाड़ी से आए मलबे और पानी के तेज बहाव के कारण भागीरथी (गंगा) नदी का जलस्तर एकाएक काफी बढ़ गया. जिससे तटीय क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है।
रात के अंधेरे में उफान पर आया घट्टू गाड़
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात घट्टू गाड़ के ऊपरी हिस्से में बादल फटने से नाले ने विकराल रूप धारण कर लिया। घट्टू गाड़ से बहकर आए पत्थरों और मलबे के भयानक सैलाब से पूरा भुक्की गाँव कांप उठा। तेज आवाज़ और मलबे के उफान के चलते ग्रामीण दहशत में आ गए और रातभर खौफ का माहौल बना रहा।
भागीरथी के तटीय इलाकों में सतर्कता
घट्टू गाड़ से भारी मात्रा में बहकर आया मलबा सीधे भागीरथी नदी में जा गिरा, जिससे नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा निचले तथा तटीय इलाकों में रहने वाले निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के इस उफान से घट्टू गाड़ का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है और भारी मात्रा में मलबा जमा हो चुका है।
