जनता मिलन में 27 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त, डीएम ने अधिकारियों को प्राथमिकता से निस्तारण के दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और निर्वाचन तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश
टिहरी
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, उद्यान, राजस्व, अवैध निर्माण, दाखिल-खारिज, पेंशन, पेयजल, विद्युत तार, आवास एवं आर्थिक सहायता सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 27 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आगामी निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर एएमएफ (न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं) समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल एवं विद्युत विभाग को मतदान केंद्रों पर इनसे संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि दिव्यांग मतदाताओं (पीडब्ल्यूडी वोटर) की समय से पहचान कर ली जाए, ताकि मतदान के दौरान उनके लिए आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों तथा अधिक संख्या में लंबित प्रकरण वाले विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभाग अपने कार्यालय स्तर पर सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और लंबित शिकायतों की निरंतर निगरानी रखें।
जनता मिलन में बौराड़ी निवासी तौफीक अहमद ने टिहरी बांध की झील में पानी भराव के कारण विशेष परिस्थितियों में हटाए गए एवं प्रभावित परिवारों के स्थायी व्यवस्थापन के संबंध में गठित समिति के प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने डीजीएम पुनर्वास को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए।
ग्राम भेंतुला, प्रतापनगर निवासी सूर्य प्रकाश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में राजमिस्त्री का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया था, लेकिन अभी तक उन्हें पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत राजमिस्त्री किट उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिलाधिकारी ने जीएम जिला उद्योग केंद्र को संबंधित व्यक्ति का आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नेल्डा, धारमंडल निवासी सुरेंद्र सिंह रावत ने पीएम आवास उपलब्ध कराने तथा रजाखेत-नेल्डा मार्ग पर झाड़ियों की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को आवास योजना के मानकों के अनुसार आवेदन की कार्रवाई करने तथा लोनिवि प्रांतीय खंड को मार्ग से झाड़ियों का कटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत बुरंट, जाखणीधार से पहुंचे ग्रामीणों ने 1.5 किलोमीटर सड़क मार्ग का निर्माण कराने तथा मार्ग का नाम उत्तराखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व सैनिकों के नाम पर रखे जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जनता मिलन में पुनर्वास, उद्यान, राजस्व, अवैध निर्माण, दाखिल-खारिज, पेंशन, पेयजल, आवास एवं आर्थिक सहायता से संबंधित अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ पुरानी शिकायतें भी दोबारा प्राप्त हुई हैं, जिन पर पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे। ऐसे प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसएलएओ नीलू चावला, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


