एसएसपी श्वेता चौबे ने थाना चंबा का किया आकस्मिक निरीक्षण, महिला पुलिसकर्मियों के लिए विकसित होगी स्मार्ट बैरक
चंबा (अमित नौटियाल)- एसएसपी श्वेता चौबे ने थाना चंबा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में चल रहे निर्माण और सुधार कार्यों का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।एसएसपी की विशेष पहल पर थाना चंबा में महिला पुलिसकर्मियों के लिए स्मार्ट महिला बैरक विकसित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरक के सौंदर्यीकरण और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसका उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर स्थित मैस में चल रहे रंगाई-पुताई एवं सुधार कार्यों का भी अवलोकन किया। इसके अलावा जर्जर भवन और बाउंड्री वॉल से संबंधित निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।उन्होंने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनकी नियमित निगरानी और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।पुलिस मुख्यालय से लघु निर्माण एवं अनुरक्षण मद में प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे कार्यों का पर्यवेक्षण करते हुए एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इन प्रयासों का उद्देश्य थाना परिसर की व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाना और महिला पुलिसकर्मियों सहित सभी कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देना है।


