उत्तरकाशी/डुंडा(वीरेंद्र सिंह नेगी)- जिले के विकासखंड डुंडा के अंतर्गत सैणी में स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह समाज के असहाय, वृद्ध और अशक्त व्यक्तियों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रहा है। वर्ष 2021 में 165.97 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास के बाद वर्ष 2023 में बनकर तैयार हुआ यह आवास गृह बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण के साथ घर जैसा माहौल और सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
24 बिस्तरों की क्षमता, कर्मचारियों का मिला साथ
इस आधुनिक आवास गृह में 24 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में यहाँ तीन बुजुर्ग रह रहे हैं, जिनमें भक्ति लाल (उत्तरकाशी) जयचंद्र गुप्ता (देहरादून) और अमान (मध्य प्रदेश) इनकी देखरेख और सभी दैनिक आवश्यकताओं को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा अधीक्षक सहित पांच कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें दो केयरटेकर, एक भोजनमाता और एक चौकीदार शामिल हैं, जो दिन-रात इनकी सेवा और सुरक्षा में तत्पर रहते हैं।
तत्काल चिकित्सा और सुरक्षित वातावरण
आवास गृह में रह रहे निवासियों के लिए भोजन, वस्त्र, रहने की उचित व्यवस्था और दैनिक जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाता है.किसी भी वृद्धजन के अस्वस्थ होने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
निवासियों ने जताई संतुष्टि, की सरकार की सराहना
आवास गृह में मिल रही सुविधाओं और आत्मीय वातावरण से अभिभूत होकर यहाँ रह रहे बुजुर्गों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल की सराहना की है। निवासियों का कहना है कि यहाँ उन्हें घर से दूर रहते हुए भी अपनेपन और सुरक्षा का अहसास होता है।
राज्य सरकार की यह संवेदनशील पहल समाज के उस वर्ग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रही है, जिसे जीवन के इस पड़ाव पर विशेष देखभाल, सम्मान और संबल की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।


