पवाणी अग्निकांड: विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, प्रभावितों के लिए मांगी तत्काल राहत और मुआवजा
देहरादून
जनपद उत्तरकाशी के विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने और हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा देने की मांग की।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत पवाणी में लगभग 50 से 60 परिवार निवास करते हैं। अग्निकांड के बाद गांव में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण गांव तक अग्निशमन वाहन, आग बुझाने की मशीनरी और आवश्यक संसाधन समय पर नहीं पहुंच पाए। वहीं, गांव में आग पर काबू पाने के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होने से भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके चलते अन्य आवासीय भवनों और परिवारों के भी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के साथ ही भोजन, पेयजल, कंबल, कपड़े और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा नुकसान का तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण कराकर प्रभावित परिवारों को उचित एवं पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से प्रभावितों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड के कारण कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस संकट से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


