एक साल भी नहीं चला मरोड़-नैनगांव मार्ग, पैच भरान में भरे गड्ढे फिर उखड़े

एक साल भी नहीं चला मरोड़-नैनगांव मार्ग, पैच भरान में भरे गड्ढे फिर उखड़े

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में 

 

धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- तहसील नैनबाग क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-यमुनोत्री – 507 राष्ट्रीय मार्ग से जुड़े मरोड़-नैनगांव मार्ग की स्थिति को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हाल में सड़क पर हुए गड्ढों को पैच भरान के माध्यम से दुरुस्त किया गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद कई स्थानों पर वही पैच उखड़ने लगे हैं। इससे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत के बाद इतनी जल्दी गड्ढे दोबारा उभरने लगें तो संबंधित कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्षेत्रवासियों को आशंका है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में मार्ग पर आवागमन और अधिक मुश्किल हो सकता है।

पूर्व प्रधान गंभीर रावत ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण के दौरान आखिर क्या देखते हैं। उनका कहना है कि यदि सड़क पर किए गए पैच भरान का कार्य कुछ समय में ही उखड़ने लगे तो इसकी गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि मरोड़-नैनगांव मार्ग पर किए गए पैच भरान कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा जहां-जहां सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां मानकों के अनुरूप स्थायी मरम्मत कराई जाए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता एनएच-507 बड़कोट, ने कहा कि मरोड़-नैनगांव मार्ग पर पैच भरान के बाद सड़क के दोबारा क्षतिग्रस्त होने का मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। प्रकरण की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी। सड़क की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!