उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी: जिला मुख्यालय के पीछे शॉर्ट सर्किट से टिनशेड में लगी भीषण आग, 3 परिवार बेघर

उत्तरकाशी: जिला मुख्यालय के पीछे शॉर्ट सर्किट से टिनशेड में लगी भीषण आग, 3 परिवार बेघर 

उत्तरकाशी (डुण्डा)। जिला मुख्यालय स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पीछे स्थित एक कॉलोनी में बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक लकड़ी और टिनशेड के मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टिनशेड में रह रहे तीन परिवारों का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी लोग बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।

आधी रात को मची अफरा-तफरी, रोकी गई बिजली सप्लाई

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 11:30 बजे शॉर्ट सर्किट होने से टिनशेड में अचानक आग लग गई। जिला आपदा आपातकालीन परिचालन केंद्र को रात 11:45 बजे सूचना मिलते ही तत्काल फायर सर्विस, पुलिस और आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी (QRT) टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।

आसपास के रिहायशी क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति (बिजली) बंद करवा दी, ताकि आग ज्यादा क्षेत्र में न फैले। वहीं, आग बुझाने के लिए जल संस्थान द्वारा तत्काल हाइड्रेंट पंप चालू करवाया गया, जिससे दमकल वाहनों को पानी की निरंतर आपूर्ति मिलती रहे।

दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि उक्त टिनशेड में तीन परिवार निवास कर रहे थे, जिनका घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद रात करीब 01:30 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

 मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM), उप जिलाधिकारी (SDM) डुण्डा और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने देर रात ही खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को तात्कालिक राहत और मुआवजे के लिए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *