उत्तरकाशीउत्तराखंड

बबीता पाण्डे गुमशुदगी मामला- सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा, पुलिस की पैनी नजर.

 

बबीता पाण्डे गुमशुदगी मामला- सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा, पुलिस की पैनी नजर

 

दयारा ट्रेक पर खोजी अभियान जारी 

 

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी के प्रसिद्ध दयारा ट्रेक से लापता युवती बबीता पाण्डे की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन का व्यापक खोज एवं बचाव अभियान निरंतर जारी है। हालांकि, अब तक युवती के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। इस बीच, पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारियां प्रसारित करने वाले अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है।

 

 

*आधुनिक तकनीकों से हो रही है मैनुअल सर्चिंग*

 

 

क्षेत्राधिकारी (CO) उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार ने वास्तविक तथ्यों से अवगत कराते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में रेस्क्यू टीमें दिन-रात बबीता की खोज में जुटी हुई हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मैनुअल सर्चिंग के साथ-साथ आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों का पूरा उपयोग किया जा रहा है। लापता युवती की तलाश के लिए स्वान दस्तों (डॉग स्क्वायड), अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों और हवाई सर्वेक्षण (Aerial Survey) की मदद ली जा रही है।

 

 

 *आपराधिक पहलुओं पर भी टिकी है जांच* 

 

 

सीओ जनक सिंह पंवार के मुताबिक, पुलिस इस पूरे प्रकरण को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से ले रही है। मामले से जुड़े सभी संभावित आपराधिक पहलुओं को ध्यान में रखकर भी विस्तृत जांच की जा रही है। उपलब्ध सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं, विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस पूरे सर्च ऑपरेशन और कानूनी कार्यवाही की निरंतर समीक्षा (Review) की जा रही है।

 

 

 *अफवाह फैलाने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई* 

 

 

उत्तरकाशी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर कुछ तत्वों द्वारा इस संवेदनशील मामले में भ्रामक, अपुष्ट और आधारहीन जानकारियां फैलाकर आमजन को गुमराह किया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अराजक तत्वों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है और उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!