भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए विधायक सुरेश सिंह चौहान ने शिक्षा मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए विधायक सुरेश सिंह चौहान ने शिक्षा मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिया सकारात्मक आश्वासन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को भेजेंगे पत्र
देहरादून
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश सिंह चौहान ने देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने सीमांत विकासखंड भटवाड़ी मुख्यालय में एक नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर मांग-पत्र सौंपा।
विधायक चौहान ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि गंगोत्री विधानसभा का सीमांत क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से बेहद दुर्गम है। उचित संसाधनों के अभाव में यहाँ के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा भटवाड़ी मुख्यालय में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो। इससे न केवल युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे, बल्कि सीमांत क्षेत्र की पूरी शिक्षा व्यवस्था को एक नई और मजबूत दिशा मिलेगी।
डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर धरातल पर कार्य कर रही है। ऐसे में भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
शिक्षा मंत्री ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति व्यक्त की। उन्होंने विभाग को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र प्रेषित कर शीघ्र आवश्यक स्वीकृतियां जारी करने का अनुरोध करेंगे।
विधायक सुरेश सिंह चौहान ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से भटवाड़ी मुख्यालय में केंद्रीय विद्यालय का मार्ग जल्द प्रशस्त होगा, जिससे सीमांत क्षेत्र की भावी पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल हो सकेगा।
