भटवाड़ी में 13 दिनों से जारी धरनास्थल पर पहुंचे विधायक सुरेश चौहान, मांगों के निस्तारण का दिया भरोसा
भटवाड़ी में 13 दिनों से जारी धरनास्थल पर पहुंचे विधायक सुरेश चौहान, मांगों के निस्तारण का दिया भरोसा
उत्तरकाशी
जनपद उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी मुख्यालय में विभिन्न जनहित एवं क्षेत्रीय विकास की मांगों को लेकर विगत 13 दिनों से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे “विकास संघर्ष समिति” के आंदोलनकारियों के बीच गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान पहुंचे। विधायक ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं व मांगों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
केंद्रीय विद्यालय और ऑल वेदर रोड सहित उठाई प्रमुख मांगें
विकास संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने विधायक के सम्मुख अपनी प्रमुख मांगें प्रमुखता से रखीं, जिनमें शामिल हैं,क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना करना,
उत्तरकाशी बडेथी से गंगोत्री तक ऑल वेदर सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करना,विकासखंड एवं तहसील स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों का भटवाड़ी में नियमित संचालन और संबंधित अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना।
*गंगोत्री विधायक ने डीएम को रोस्टर तैयार करने के निर्देश.*
क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए विधायक सुरेश चौहान ने मौके से ही जिलाधिकारी (डीएम) उत्तरकाशी और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) भटवाड़ी को निर्देशित किया कि भटवाड़ी और डुंडा दोनों विकासखंडों में सभी अधिकारी व कर्मचारी नियमित रूप से बैठना सुनिश्चित करें। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अगले एक-दो दिन के भीतर अधिकारियों की उपस्थिति का रोस्टर तैयार करने का भरोसा दिया।
*केंद्रीय विद्यालय और सड़क निर्माण को लेकर बड़ी पहल
अस्थाई भवन के लिए एस्टीमेट*
गंगोत्री विधायक ने पीडब्ल्यूडी (PWD) के अधिकारियों को केंद्रीय विद्यालय के अस्थाई भवन निर्माण हेतु तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने तुरंत कार्य शुरू करने की बात कही।मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तरकाशी से केंद्रीय विद्यालय के मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए विधायक ने अपने स्तर के सभी विभागीय कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।
बीआरओ (BRO) द्वारा बडेथी से भैंरों घाटी तक के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रथम चरण में तेखला तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और आगे के हिस्सों पर चरणबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया जाएगा।
*मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार तक उठाई जाएगी बात: सुरेश चौहान*
विधायक सुरेश चौहान ने क्षेत्र की जनभावनाओं और इन न्यायोचित मांगों का पूर्ण समर्थन करते हुए आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा ये सभी मांगें क्षेत्र के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। मैं इन विषयों पर अपने स्तर से शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद सहित भारत सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखूँगा और इनका समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।”
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि (टक्नौर) अविनाश रावत, संघर्ष समिति के अध्यक्ष व भटवाड़ी के प्रधान विवेक नौटियाल, मंडल अध्यक्ष मनोजेन्द्र रावत, विक्रम सिंह रावत, केशव नौटियाल, प्रीतम रावत, संदीप रावत सहित क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
