पुरानी पेंशन बहाली के लिए संयुक्त कर्मचारियों ने देहरादून में भरी हुंकार
पुरानी पेंशन बहाली के लिए संयुक्त कर्मचारियों ने देहरादून में भरी हुंकार
देहरादून
उत्तराखंड के राजकीय कार्मिकों ने अपने संवैधानिक अधिकारों और बुढ़ापे के एकमात्र सहारे ‘पुरानी पेंशन’ (OPS) की बहाली के लिए राजधानी की सड़कों पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य बाइक महारैली में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों से हजारों की संख्या में संयुक्त कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए।
महारैली विधानसभा भवन से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में कार्मिकों ने प्रतिभाग कर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
उत्तरकाशी का नेतृत्व: उत्तरकाशी जनपद से जिला संरक्षक डॉ. मुरली मनोहर भट्ट और जिला प्रभारी सुभाष भट्ट के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारी देहरादून पहुंचे।
डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने संबोधित करते हुए कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कार्मिकों का संवैधानिक अधिकार है। 2005 के बाद नियुक्त कार्मिकों की पेंशन बंद करना उनके साथ अन्याय और धोखा है।
वहीं जिला प्रभारी सुभाष भट्ट ने संबोधित करते हुए कहा है कि, विधायक एवं सांसद खुद छह से सात पेंशन का लाभ भोगते हैं, वहीं आम कर्मचारी को एक पेंशन देने में टालमटोल कर रही है, जो पेंशन दी भी गई है, वह शेयर बाजार आधारित है, ओर आज के वैश्विक परिदृश्य में कर्मचारियों का NPS घाटे में चल रहा है। इस व्यवस्था से कर्मचारियों का बुढ़ापा संकट में पड़ना तय है।
वहीं शिक्षक कर्मचारी संगठन के मंत्री बलवन्त असवाल ने सरकार को चेताया है कि अगर शीघ्र मांगे मानी नहीं गई तो, आगे आंदोलन और उग्र होगा।
राजकीय शिक्षक संघ (गढ़वाल मंडल) के अध्यक्ष जयदीप रावत ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा:
“यदि जल्द ही पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई, तो प्रदेश का कार्मिक निर्णयात्मक आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर होगा।”
मोर्चा के राष्ट्रीय और प्रांतीय अध्यक्षों ने भी संबोधित करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड का एक लाख कार्मिक पेंशन के अभाव में अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है।
दोहरा मापदंड: मंत्रियों को पेंशन, कार्मिकों को एनपीएस
महारैली में महिला शक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मोर्चा की महिला अध्यक्षा रानीता विश्वकर्मा ने तीखा प्रहार करते हुए कहा: वर्तमान सरकार दुबारा सत्तासीन होना चाहती है तो उसे एकमात्र विकल्प OPS लाना जो होगा, वरना कर्मचारियों के कोप भाजन के शिकार होने के लिए तैयार रहें।
इस ऐतिहासिक रैली में प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी, महामंत्री सीताराम पोखरियाल, उत्तर प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमारमंडल सचिव राजीव उनियाल, संयुक्त सचिव अभिषेक नवानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित जोशी सहित, उत्तरकाशी से बलवंत असवाल, डॉ. बद्री सेमवाल, सचिन अग्रवाल, ललित मोहन भट्ट, कल्याण रावत, दीपक, मीनाक्षी, मीना, गुरुदेव, और अनिल जैसे सैकड़ों पदाधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
