अलविदा जसपाल राणा! देश को मेडल जिताने वाले जांबाज शूटर जसपाल राणा ने 49 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, खेल जगत स्तब्ध
अलविदा जसपाल राणा! देश को मेडल जिताने वाले जांबाज शूटर जसपाल राणा ने 49 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, खेल जगत स्तब्ध
देहरादून- भारतीय निशानेबाजी जगत को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा, जब देश के दिग्गज निशानेबाज और राष्ट्रीय कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और नई दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में म्यूनिख से लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था।
जसपाल राणा का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। उनके निधन की खबर सामने आते ही खेल जगत, खिलाड़ियों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जसपाल राणा भारतीय शूटिंग के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए अनेक पदक जीते। उन्हें वर्ष 1994 में अर्जुन पुरस्कार, 1997 में पद्मश्री और 2020 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
खिलाड़ी के साथ-साथ कोच के रूप में भी उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कई युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षित किया और ओलंपिक पदक विजेता Manu Bhaker के करियर को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने का श्रेय भी अपने कोच जसपाल राणा को दिया था।
मूल रूप से नैनबाग चिलामु से संबंध रखने वाले जसपाल राणा उत्तराखंड और देश के खेल जगत का गौरव थे। उनके निधन से भारतीय खेलों ने एक महान खिलाड़ी, प्रेरक कोच और मार्गदर्शक को खो दिया है।
उनके निधन पर खेल संगठनों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
