एसएसपी श्वेता चौबे का मिशन मुस्कान बना लोगों के चेहरों की खुशी का कारण
एसएसपी श्वेता चौबे का मिशन मुस्कान बना लोगों के चेहरों की खुशी का कारण
147 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर लौटाई लोगों की अमूल्य यादें, 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल स्वामियों को किए सुपुर्द
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
टिहरी (अमित नौटियाल)- टिहरी पुलिस और सीआईयू की टीम ने मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए 147 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटा दिए हैं। इन बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25 लाख से अधिक बताई जा रही है। इस अवसर पर ढालवाला स्थित सीआईयू कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां उपस्थित कई लोगों को एसएसपी श्वेता चौबे ने उनके खोए हुए मोबाइल सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी है। किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन केवल एक उपकरण नहीं होता, बल्कि उसकी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियों और भावनात्मक यादों का हिस्सा होता है। हमारी कोशिश है कि तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से प्रत्येक पीड़ित को यथासंभव राहत पहुंचाई जाए। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
