उत्तरकाशीउत्तराखंड

दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता बबीता की खोज तेज़, विधायक सुरेश सिंह चौहान ने ली रेस्क्यू अभियान की जानकारी

दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता बबीता की खोज तेज़, विधायक सुरेश सिंह चौहान ने ली रेस्क्यू अभियान की जानकारी

 

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जनपद के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र में गई बालिका बबीता पाण्डे के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होना अत्यंत चिंताजनक एवं संवेदनशील घटना को दर्शा रहा है। घटना के पश्चात जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न बचाव एजेंसियों द्वारा निरंतर व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है।

कई दिनों से चल रहे अथक प्रयासों के बावजूद अभी तक बालिका बबिता पांडे के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई है, जिससे परिजनों सहित समूचे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश सिंह चौहान लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी एवं उपजिलाधिकारी भटवाड़ी से वार्ता कर खोज अभियान की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अभियान की समीक्षा की।

इसके अतिरिक्त गंगोत्री विधायक,जिला प्रशासन, स्थानीय नागरिक एवं ग्रामीणों से भी नियमित रूप से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर घटना की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने अधिकारियों को कहा कि बालिका की खोज के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों, आधुनिक तकनीकों एवं विशेषज्ञ बचाव दलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि शीघ्रातिशीघ्र कोई सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इस कठिन एवं चुनौतीपूर्ण समय में उनकी संवेदनाएं बालिका के परिजनों के साथ हैं तथा वे ईश्वर से उसकी सकुशल एवं सुरक्षित वापसी की कामना करते हैं।

वर्तमान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, भारतीय सेना, आईटीबीपी, वन विभाग, स्थानीय नागरिकों, ग्रामीणों एवं अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा दयारा बुग्याल तथा आसपास के दुर्गम एवं वन क्षेत्रों में युद्धस्तर पर खोज अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बालिका की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा जब तक कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं होती, तब तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *