उत्तरकाशी: खस्ताहाल सड़क से गुफियारा क्षेत्रवासी परेशान, सभासद अमरीकन पुरी ने उठाया मुद्दा
उत्तरकाशी: खस्ताहाल सड़क से गुफियारा क्षेत्रवासी परेशान, सभासद अमरीकन पुरी ने उठाया मुद्दा
उत्तरकाशी
गुफियारा क्षेत्र का मुख्य मोटर मार्ग जो जल संस्थान कार्यालय तक जाता है, आज अपनी बदहाल एवं जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। नगर के अत्यंत महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल इस सड़क की स्थिति पिछले कई वर्षों से लगातार खराब होती चली गई, लेकिन इसके सुधार एवं पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हो पाया।
लगभग 18 से 20 वर्ष पूर्व तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता द्वारा इस मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाकर सड़क निर्माण कार्य कराया गया था। उस समय यह कार्य क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात माना गया था और स्थानीय जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिला। किंतु इतने वर्षों के दौरान सड़क पर पुनः कोई बड़ा निर्माण अथवा मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण आज यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच चुका है।
वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, इंटरलॉकिंग टाइल्स उखड़ रही हैं तथा कई हिस्सों में सड़क धंसने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। बारिश के दौरान यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
यह मार्ग केवल एक सामान्य सड़क नहीं बल्कि गुफियारा क्षेत्र का मुख्य संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, स्थानीय व्यापारी एवं सैकड़ों वाहन इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक सड़क पर फिसलते-फिसलते बचे हैं तथा पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यदि समय रहते इस सड़क का पुनर्निर्माण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
विशेष रूप से यह तथ्य भी महत्वपूर्ण है कि जिले का मुख्य जल संस्थान विभाग भी इसी मार्ग पर स्थित है, जहां प्रतिदिन आम जनता का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद वर्षों से सड़क की इस गंभीर समस्या की अनदेखी होना स्थानीय लोगों में नाराजगी का विषय बना हुआ है। क्षेत्र की जनता लगातार इस मार्ग की स्थिति को लेकर सवाल उठा रही है तथा शीघ्र समाधान की मांग कर रही है।
नगरपालिका वार्ड नंबर 02 के सभासद अमरीकन पुरी द्वारा इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क के पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर नगरपालिका बोर्ड में प्रमुख मुद्दे के रूप में रखा गया है। सभासद द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान को लिखित रूप मे दिया गया है कि यह मार्ग क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ा विषय है और इसका शीघ्र समाधान अत्यंत आवश्यक है।
सभासद अमरीकन पुरी ने कहा कि जनता की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुफियारा क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण मार्ग का पुनर्निर्माण शीघ्र करवाने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सभासद अमरीकन पुरी द्वारा बताया गया कि नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान द्वारा भी इस समस्या को गंभीर बताते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया है कि सड़क पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी बरसात एवं मानसून से पूर्व इस कार्य को पूर्ण करने का प्रयास रहेगा ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और भविष्य में दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
क्षेत्र की जनता ने इस दिशा में सकारात्मक पहल एवं आश्वासन के लिए नगरपालिका अध्यक्ष एवं सभासद का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी यह समस्या अब शीघ्र समाप्त होगी और गुफियारा क्षेत्र को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा प्राप्त होगी।
