उत्तरकाशीउत्तराखंड

नोडल अधिकारी गंगोत्री धाम डॉ. बी. एस. पांगती ने चिन्यालीसौड़ से डुंडा तक चिकित्सा केंद्रों का औचक निरीक्षण  

उत्तरकाशी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/नोडल अधिकारी गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग डॉ. बी. एस. पांगती द्वारा चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चिन्यालीसौड़ का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के समुचित रखरखाव की भी गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के उपरांत अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने हेतु सभी व्यवस्थाओं को पूर्णतः सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद किया जाए।

तदोपरांत उनके द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्रह्मखाल वा कल्याणी का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, ऑक्सीजन सिलेंडरों एवं आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण आदि की उपलब्धता बनाए रखने, चारधाम यात्रा से संबंधित दैनिक रिपोर्टिंग नियमित रूप से प्रेषित करने तथा यात्रियों द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुंडा का भी निरीक्षण कर वहां की समस्त स्वास्थ्य सेवाओं एवं अल्ट्रासाउंड केंद्र के अभिलेखों के रखरखाव का अवलोकन किया गया। निरीक्षण उपरांत अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आयोजित आशा कार्यकत्रियों की मासिक बैठक में प्रतिभाग करते हुए उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समुदाय स्तर पर संस्थागत प्रसव के लाभों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एचपीवी वैक्सीन के संबंध में भी व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, जिला मुख्यालय से पीसीपीएनडीटी समन्वयक गिरीश व्यास, जिला आशा समन्वयक सीमा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *