सुमनक्यारी-नैनबाग में पेट्रोल-डीजल संकट, आम जनता परेशान
सुमनक्यारी-नैनबाग में पेट्रोल-डीजल संकट, आम जनता परेशान
नैनबाग (शिवांश कुंवर): सुमनक्यारी-नैनबाग क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के स्थानीय पेट्रोल पंप पर पिछले कई दिनों से डीजल की आपूर्ति बाधित है, वहीं पेट्रोल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
इस स्थिति के चलते क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में भी पेट्रोल न मिल पाने से लोगों में नाराजगी साफ देखी जा रही है।
बनचौरा (उत्तरकाशी) से एक बीमार महिला को निजी वाहन से देहरादून जाते समय पेट्रोल न मिलने के कारण परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि आपात स्थिति में भी एक लीटर पेट्रोल तक उपलब्ध नहीं हो सका, जिससे स्थानीय लोगों में रोष और बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और ऐसी आपात स्थितियों में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
