गंगोत्री हाईवे पर पुलिस और SDRF बने देवदूत, भागीरथी नदी किनारे गिरे बुजुर्ग श्रद्धालु का सकुशल रेस्क्यू
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगोरी गरम पानी के समीप हाईवे से भागीरथी नदी तट पर गिरे श्रद्धालु के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम देवदूत बनकर सामने आई है। बता दें कि कोतवाली मनेरी के गंगोरी, गरमपानी के समीप एक श्रद्धालु के भागीरथी नदी में गिरने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनेरी दीपक नौटियाल के नेतृत्व में मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा तुरंत मौके पर पहुंचकर सूझबूझ, साहस एवं दक्षता का परिचय देते हुए रस्सियों व अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से रोड से नदी तट पर उतरकर घायल तक पहुंच बनाते हुए रात्रि के समय अंधेरे एवं कठिन परिस्थितियों के बावजूद कडी मशक्कत के बाद श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 108 के माध्यम से प्राथमिक उपचार हेतु जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भिजवाया गया है। हरदा, मध्य प्रदेश निवासी श्रद्धालु तुलसीराम गहलोत (65 वर्ष निवासी) ने बताया कि वह गाड़ी से उतरकर शौच करने गये थे, अचानक पैर फिसलने के कारण वह रोड से नीचे भागीरथी किनारे पर गिर गये थे। श्रद्धालु एवं उनके परिजनों द्वारा पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए उत्तराखंड पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी यात्री अपने गंतव्य को सकुशल रवाना हुए। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में ‘सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता’ के संकल्प के साथ उत्तरकाशी पुलिस चारधाम यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर पल तत्पर है।
