राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026: उत्तरकाशी में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026: उत्तरकाशी में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’
उत्तरकाशी
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। साथ ही जनपदवासियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियोरोधी दवा पिलाने की भावुक अपील की।
*दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ*
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) एवं उपाध्यक्ष (राज्य औषधीय पादप बोर्ड, उत्तराखण्ड) प्रताप सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, और नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान मौजूद रहे। इनके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक (जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी) डॉ. पी.एस. पोखरियाल तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती ने संयुक्त रूप से बच्चों को दवा पिलाकर अभियान को गति दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि जनपद में इस अभियान के सफल और शत-प्रतिशत संचालन के लिए व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए.
34,805 बच्चों (0 से 5 वर्ष) को दवा पिलाने का लक्ष्य।
पूरे जनपद में 344 बूथ स्थापित।दूरस्थ क्षेत्रों के लिए 4 मोबाइल बूथ और 4 ट्रांजिट टीमें सक्रिय।सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए 134 पर्यवेक्षक तैनात. प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए पूरे जनपद को 6 जोनों में विभाजित किया गया है, और सभी जोनल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
*हर नागरिक की सहभागिता जरूरी*
पोलियो उन्मूलन के इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सभी अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निकटतम बूथ पर लाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलाएं।— प्रताप सिंह पंवार, राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त), उत्तराखण्ड
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण, प्रीति गौड़ सेमवाल, कुशला शाह, उषा चौहान, रुचि सेमवाल, कल्पना सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
